जोधपुर: जोधपुर की असिस्टेंट कलेक्टर (ACM) रह चुकीं प्रियंका विश्नोई (33 वर्ष) की मौत के मामले में वसुंधरा हॉस्पिटल के मालिक और डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गई है। डॉ संजय मकवाना, डॉ रेनू मकवाना, डॉ विनोद शैली, डॉ जितेंद्र और समस्त मेडिकल स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पांच सितंबर को प्रियंका को वसुंधरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। एडवोकेट नमन मोहनोत ने कोर्ट में बताया कि डॉक्टरों ने प्रियंका को एक सामान्य बीमारी बताकर भर्ती किया था। बाद में प्रियंका की हालत बिगड़ने लगी। प्रियंका की हालत बिगड़ने पर उन्हें 7 सितंबर को अहमदाबाद के सिम्स हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने रिपोर्ट की जांच के बाद स्पष्ट किया कि मरीज को ‘हेमरेज’ था, जिसका पहले उचित इलाज नहीं किया गया।
प्रियंका की मौत के बाद इस मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया। समिति की रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें पाया गया कि वसुंधरा हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति के बावजूद उसे उचित इलाज नहीं दिया।