पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को डीजीपी आलोक राज और प्रिसिंपल सचिव अरविंद कुमार के सामने मंच पर जोड़ते नजर आए। नीतीश कुमार के हाथ जोड़कर अधिकारियो से आग्रह करने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा है। एक्स हैंडल पर तेजस्वी ने लिखा, जनहित के कार्य करवाने के लिए अपने मातहत अधिकारियों के सामने बारंबार हाथ जोड़ गिड़गिड़ाना, उनके पैर पड़ना, क्या एक असहाय, असमर्थ, अशक्त, अस्वस्थ, बेबस, लाचार एवं कमजोर मुख्यमंत्री की निशानी नहीं है?
मुख्यमंत्री का गिड़गिड़ाने लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं
तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऐसे आचरण के कारण बिहार से गवर्नेंस खत्म हो चुकी है। एक मुख्यमंत्री का गिड़गिड़ाने वाला ऐसा आचरण लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं है। जब नैतिकता समाप्त हो चुकी हो, विश्वसनीयता शून्य हो और समाज में स्वीकार्यता न्यूनतम स्तर पर हो तब अधिकारियों के सामने ऐसा करना क्या नीतीश कुमार जी की मजबूरी है?।