![Raaj Kumar Anand, Kailash gahlot](https://static.indiatv.in/khabar-global/images/new-lazy-big-min.jpg)
दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है। बीजेपी को 40 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। 70 विधानसभा सीट वाली दिल्ली में सरकार बनाने के लिए कम से कम 36 विधायकों की जरूरत होती है और बीजेपी के पास 40 से ज्यादा विधायक हो सकते हैं। हालांकि, इनमें से कुछ विधायक ऐसे हैं, जो पाला बदलने में माहिर हैं। बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में छह ऐसे नेताओं को टिकट दिया था, जो पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हुए थे। यहां हम बता रहे हैं कि दलबदलू नेताओं ने बीजेपी के लिए कैसा प्रदर्शन किया।
1. कैलाश गहलोत (आगे)
दिल्ली के पूर्व परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े थे। वह नजफगढ़ से विधायक थे और आप सरकार में मंत्री भी थे। हालांकि, जब केजरीवाल की जगह आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया गया तो वह नाराज हो गए और पार्टी छोड़ दी। 18 सितंबर को वह बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी ने तीन बार के विधायक सत्य प्रकाश राणा का टिकट काटकर कैलाश गहलोत को टिकट दिया।
2. राजकुमार आनंद (पीछे)
राजकुमार आनंद भी भी आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री थे। हालांकि, अप्रैल 2024 में उनकी पार्टी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे और उन्होंने पार्टी छोड़ दी। लगभग आठ महीने तक बहुजम समाज पार्टी में रहने के बाद उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली और उन्हें पटेल नगर से टिकट दिया गया।
3. करतार सिंह (आगे)
करतार सिंह ने पिछले साल जुलाई के महीने में आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद सितंबर में वह भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बने। बीजेपी ने उन्हें छतरपुर सीट से टिकट दिया।
4. एनडी शर्मा (पीछे)
भाजपा ने बदरपुर सीट से पूर्व AAP विधायक एनडी शर्मा को टिकट दिया। शर्मा 2015 में आम आदमी पार्टी का हिस्सा थे और चुनाव जीतकर विधायक भी बने थे। 2020 में वह बसपा के टिकट से चुनाव लड़े, लेकिन उन्हें रामवीर सिंह बिधूड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। 2025 में वह बीजेपी का हिस्सा बन गए।
5. अरविंदर सिंह लवली (आगे)
अरविंदर सिंह लवली भी कई बार पाला बदल चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भी उन्होंने पाला बदला और कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए। इससे पहले भी वह दो बार पाला बदल चुके थे। पार्टी ने उन्हें गांधी नगर से टिकट दिया।
6. प्रियंका गौतम (पीछे)
कोंडली सीट से भारतीय जनता पार्टी ने प्रियंका गौतम को टिकट दिया था। प्रियंका पहले आम आदमी पार्टी की पार्षद थीं, लेकिन बाद में उन्होंने पाला बदल लिया और बीजेपी में शामिल हो गईं।