केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उग्रवाद प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह राज्यों के हालातों की समीक्षा करेंगे। ये बैठक दिल्ली के विज्ञान भवन में होनी है। जहां वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कई विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में ये लोग होंगे शामिल
बैठक में आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। साथ ही वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने में राज्यों का सहयोग कर रहे केन्द्रीय मंत्रालयों के 5 केन्द्रीय मंत्री और उच्चाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में भाग लेंगे।