![दिल्ली सचिवालय को किया गया सील।](https://static.indiatv.in/khabar-global/images/new-lazy-big-min.jpg)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने वाली है। भाजपा बहुमत की ओर बढ़ रही है। इस बीच दिल्ली सचिवालय में आला अधिकारियों को तुरंत पहुंचने का निर्देश दिया गया है। दिल्ली में चुनाव रुझानों को देखते हुए अधिकारियों को पहुंचने के लिए बोला गया है। इसके अलावा सरकारी दस्तावेज और डाटा प्रोटेक्ट करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में एक आदेश जारी किया गया है। यह आदेश सचिवालय कार्यालयों एवं मंत्रिपरिषद के कैम्प कार्यालयों पर भी लागू होगा। साथ ही दोनों कार्यालयों के प्रभारियों को भी इस आदेश के अनुपालन हेतु निर्देशित किया गया है।
दिल्ली सचिवालय को किया गया सील
दरअसल, विधानसभा चुनाव के नतीजों से सत्ता परिवर्तन का संकेत मिलने के बीच दिल्ली सरकार के मुख्यालय दिल्ली सचिवालय को आधिकारिक फाइल, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सील कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उपराज्यपाल वी के सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने एक आदेश जारी किया है। इसमें सभी विभागों, एजेंसियों और मंत्रियों के कैंप कार्यालयों को निर्देश दिया है कि वे विभाग की अनुमति के बिना कोई भी रिकॉर्ड या फाइल न हटाएं।
जीएडी की ओर से जारी किया गया आदेश
विभिन्न विभाग प्रमुखों और प्रभारियों को जारी किए गए जीएडी के आदेश में कहा गया है कि विभाग की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी फाइल, दस्तावेज, कंप्यूटर हार्डवेयर आदि दिल्ली सचिवालय परिसर से बाहर नहीं ले जाया जा सकता है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 साल के बाद दिल्ली की सत्ता पर आसीन होने की ओर अग्रसर है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रूझानों और परिणामों के अनुसार, भाजपा 70 सदस्यीय विधानसभा की 40 सीट जीत चुकी है जबकि 8 पर आगे चल रही है। आयोग के अनुसार आम आदमी पार्टी 17 सीटें जीती है जबकि पांच पर आगे चल रही है। (अनामिका गौड़)
यह भी पढ़ें-
केजरीवाल की कैबिनेट के बड़े-बड़े दिग्गज, जो हार गए चुनाव; यहां देखें लिस्ट
"आप-दा मुक्त हुई दिल्ली, नए युग की यात्रा आरंभ", दिल्ली चुनाव के नतीजों पर जेपी नड्डा ने दिया बयान