दिल्ली में विधानसभा चुनाव के परिणाम शनिवार 8 फरवरी को जारी कर दिए जाएंगे। बता दें कि बीते 5 फरवरी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए एक साथ वोटिंग संपन्न हुई थी। चुनाव के बाद सामने आए ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन एग्जिट पोल्स को फर्जी करार दिया है। अब दिल्ली भाजपा के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली में भाजपा की जीत का दावा करते हुए बड़ा बयान दिया है।
राजौरी गार्डन सीट से भाजपा उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- "दिल्ली में भाजपा 52-56 सीटें जीतेगी। आज उन्होंने(AAP) अपने हारने का बहाना तैयार कर लिया है। उन्होंने कहा कि उनके MLA मुकेश को फोन आया है लेकिन मुकेश ने तो खुद उस नंबर पर दो बार फोन किया है। AAP की हार का सबसे बड़ा कारण केवल झूठ है, लोग उनके झूठ से परेशान हो चुके हैं।" बता दें कि आम आदमी पार्टी ने राजौरी गार्डन सीट पर मौजूदा विधायक धनवती चंदेला को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने धर्मपाल चंदेला को अपना उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले मालवीय नगर से भाजपा उम्मीदवार सतीश उपाध्याय ने कहा- "हमें पूरा विश्वास है। मालवीय नगर में कमल खिल रहा है और दिल्ली में भी कमल खिलेगा। दिल्ली के लोगों ने भाजपा के पक्ष में अपना फैसला ले लिया है। मैं सीटों के दावे नहीं कर सकता हूं। वे केवल अरविंद केजरीवाल ही कर सकते हैं लेकिन ये मैं कह सकता हूं कि भाजपा की सरकार इस बार दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।"
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का अनुमान जताया है। उन्होंने कहा- "लोकसभा चुनाव, हरियाणा, महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद, भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव भी जीतेगी... दिल्ली में कुशासन खत्म होगा और भाजपा सरकार बनाएगी।"