महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 के बीच निर्दलीय विधायक देवेंद्र भुयार के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। वरुड-मोर्शी सीट से विधायक देवेंद्र भुयार ने एक सभा में कहा है कि किसान के बेटे को कम सुंदर दुल्हन मिलती है। विधायक यहीं नहीं रुके। उन्होंने लड़कियों में एक नंबर, दो नंबर और तीन नंबर की कैटेगरी भी बता दी है। आपको बता दें कि भुयार उपमुख्यमंत्री अजित पवार का समर्थक माना जाता है। आइए जानते हैं कि विधायक ने और क्या कुछ कहा है।
विधायक देवेंद्र भुयार एक सभा में किसानों की समस्याओं के बारे में बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर कोई लड़की सुंदर है, तो वह आपके और मेरे जैसे व्यक्ति को पसंद नहीं करेगी, बल्कि वह नौकरी करने वाले व्यक्ति को पसंद करेगी। उन्होंने कहा कि जो लड़कियां दूसरे नंबर पर हैं यानी जो कुछ कम सुंदर हैं, वे किराने की दुकान या पान की दुकान चलाने वाले लोगों को पसंद करती हैं। विधायक ने कहा कि नंबर तीन की लड़की किसान के बेटे से शादी करना पसंद करेगी।
विधायक देवेंद्र भुयार यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे ये भी कह दिया कि सबसे निचले स्तर की लड़कियां ही किसान परिवार के लड़के से शादी करती हैं। विधायक ने आगे ये भी कहा कि ऐसी शादी से पैदा हुए बच्चे भी सुंदर नहीं होते हैं।