लखनऊ: यूपी और बिहार में सरकारी कर्मचारियों को आज ही दिवाली का तोहफा मिल गया है। यूपी के लिए योगी सरकार ने ऐलान किया है कि इस बार अक्टूबर महीने की सैलरी दिवाली से पहले ही अकाउंट में क्रेडिट कर दी जाएगी। योगी सरकार ने आदेश दिया है कि 30 अक्टूबर तक हर कीमत पर सैलरी सभी कर्मचारियों के अकाउंट में क्रेडिट हो जानी चाहिए। योगी सरकार के फैसले से करीब 18 लाख राज्य कर्मचारियों को फायदा होगा।
बिहार के सरकारी कर्मचारियों को भी राहत
वहीं दूसरी तरफ बिहार में भी राज्य सरकार के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिला है। नीतीश सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ा ऐलान किया है। नीतीश सरकार की तरफ से जारी आदेश में ये कहा गया है कि दिवाली के पहले 25 अक्टूबर से ही सैलरी मिलनी शुरु हो जाएगी। इसका फायदा करीब 8 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। दोनों राज्यों के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले ये बड़ी खुशखबरी है।