Agency:News18 Madhya Pradesh
Last Updated:February 10, 2025, 06:43 IST
MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव हुआ है. भोपाल समेत अधिकांश शहरों के दिन-रात के तापमान में भारी गिरावट देखी गई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान शीतलहर का अलर्ट जारी किया है.
भोपाल में रात के तापमान में गिरावट दर्ज किया गया.
हाइलाइट्स
- मध्य प्रदेश में लौटी ठंड, पारा 4 डिग्री के करीब पहुंचा
- भोपाल समेत कई शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी
- उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट
भोपाल. रविवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर का मौसम ठंडा-गरम रहा. दिन के तापमान में हल्का उछाल देखने को मिला. हालांकि, रात का पारा एक बार फिर गिरता नजर आया. बता दें कि जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा की वजह से अचानक भोपाल सहित प्रदेश का मौसम बदला है.
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात प्रदेश के अधिकतर शहरों के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई. जबलपुर, इंदौर और शहडोल संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में इस प्रकार बदलाव देखा गया है.
इन जिलों में शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के शहडोल, अशोकनगर, मंडला, नौगांव, पचमढ़ी और सिंगरौली में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उमरिया, खजुराहो, राजगढ़, शाजापुर, ग्वालियर, अनूपपुर, मलाजखंड, सतना, जबलपुर, नीमच, टीकमगढ़ और रीवा में हल्का शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल सकता है.
तेजी से गिरा रात का पारा
प्रदेश के पांच सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले शहरों में शहडोल के कल्याणपुर शहर की रात सबसे ठंडी रही. यहां पारा 4.6 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा आंवरी (अशोकनगर) में 4.8 डिग्री, मंडला में 5.8 डिग्री, नौगांव (छतरपुर) में 6 डिग्री और पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
जाने क्यों बना ऐसा मौसम
बता दें, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्र इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं. वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण दिन व रात के तापमान में गिरावट हो रही है. इस वजह से रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है. साथ ही नया पश्चिमी विक्षोभ अभी ईरान के आसपास है, जिसके प्रभाव से सोमवार से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
भोपाल | 30.4 डिग्री | 10.4 डिग्री | 151 |
इंदौर | 30.9 डिग्री | 14.9 डिग्री | 109 |
जबलपुर | 28.8 डिग्री | 9.5 डिग्री | 95 |
ग्वालियर | 28.6 डिग्री | 8 डिग्री | 266 |
उज्जैन | 31 डिग्री | 12 डिग्री | 87 |
Location :
Bhopal,Madhya Pradesh
First Published :
February 10, 2025, 06:43 IST
MP में लौटी ठंड, पारा 4 डिग्री के करीब, आज इन जिलों में दिखेगा शीतलहर का कहर!