भागलपुरः हमेशा अपने बयानों से सुर्खियों में बने रहने वाले भागलपुर के गोपालपुर से जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने अपनी ही पार्टी के सांसद और भाजपा के विधायक के खिलाफ जमकर हमला बोला। विधायक ने भागलपुर से जेडीयू के सांसद अजय मंडल पर बयान देते हुए कहा कि जीतने के बाद सांसद कहीं नहीं जाते है। यह उनकी बीमारी और लाचारी है। वह सोचता है जनता भांड़ में जाए। उसको जनता से कोई मतलब नहीं है। पांच साल तक जनता ढोलक पीटते रहे। उस पर कोई फ़र्क नहीं पड़ता।
गोपाल मंडल ने कहा कि अगली चुनाव में अगर टिकट मिली तो वह फिर से नीतीश कुमार और पीएम मोदी के नाम पर चुनाव जीत जाएगा और फिर 5 साल दर्शन नहीं होगा। गोपाल मंडल ने कहा कि अजय मंडल जब विधानसभा का भी चुनाव लड़ते थे कहीं नहीं जाते थे। एक बार बैरिया में गए थे ईंट पत्थर बरस गया था। बस वहां से भागे वो। इसके बाद हम सांसद से माफी मंगवाये थे। हम सामाजिक आदमी हैं। हमको कुछ पता चलता है।
जेडीयू विधायक ने कहा कि बीजेपी विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के प्रति भी जनता में आक्रोश है। विधायक शैलेंद्र के पास ही सिर्फ कलम है। क्या या हम लोग मूर्ख हैं। हम ग्रेजुएट किये हैं। वो इसबार कलम में ही चला जायेगा। कलम का ही बन जायेगा। बैकवर्ड फॉरवर्ड की राजनीति करते हैं।
रिपोर्ट- सुशील