दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं। 5 फरवरी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई थी जिसके परिणाम आज शनिवार 8 फरवरी को जारी कर दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के चुनाव में बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, 10 सालों से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की विदाई हो गई है। अब आम आदमी पार्टी की हार को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। आपको बता दें कि सपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया था।
कांग्रेस, BJP को जिताने में लगी हुई थी- राम गोपाल
दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को ज्यादा खुश नहीं होना चाहिए। कांग्रेस ने भाजपा को जिताने में लगी हुई थी और आम आदमी पार्टी को हराने में लगी हुई थी।
किसे कितनी सीटें मिलीं?
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 48 सीटों पर जीत हासिल करते हुए दिखाई दे रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी को 22 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम खुद चुनाव हार गए हैं। इसके साथ ही मनीष सिसोदिया को भी चुनाव में हार मिली है।