केंद्र सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा में बड़ी जानकारी साझा की है। सरकार ने बताया है कि वर्तमान समय में विदेशी जेलों में कितने भारतीय कैदी बंद हैं। भारत के विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में इस बारे डाटा दिया है। सरकार ने बताया है कि वर्तमान समय में विदेशी जेलों में कुल 10,152 भारतीय नागरिक बंद हैं। आइए जानते हैं कि सरकार ने इस बारे में और क्या कुछ कहा है।
कितने देशों में बंद हैं भारतीय?
लोकसभा में केंद्र सरकार ने जो आंकड़ा दिया है उनमें कुल 86 देशों की जेलों में बंद भारतीयों के आंकड़े सामने रखे गए हैं। सरकार ने बताया है कि सऊदी अरब, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, नेपाल, पाकिस्तान, अमेरिका, श्रीलंका, स्पेन, रूस, इज़राइल, चीन, बांग्लादेश और अर्जेंटीना सहित 86 देशों की जेलों में 10,152 भारतीय नागरिक बंद हैं।