मुंबईः मुंबई के पास मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर मंगलवार तड़के सिग्नल प्रणाली में खराबी आने की वजह मुंबई लोकल रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी ठाणे जिले में दिवा और मुंब्रा रेलवे स्टेशनों के बीच दक्षिण की ओर जाने वाले धीमे ट्रैक पर सुबह 4.55 बजे हुई सिग्नल समस्या के कारण मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली उपनगरीय ट्रेनें (मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं) कम से कम 15-20 मिनट की देरी से चल रही थीं।
एक यात्री ने बताया कि लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सिग्नल प्रणाली में खराबी के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन की उपनगरीय रेलगाड़ियों और स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई। एक यात्री ने बताया कि सेवाएं बाधित होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने कहा कि खराबी आने के एक घंटे से अधिक समय बाद सिग्नल सुबह करीब छह बजे सही किया गया। इसके बाद रेल सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है वे संचालन में सहयोग करें।
बता दें कि मध्य रेलवे की मुख्य लाइन दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे में कसारा और रायगढ़ जिले में खोपोली और कर्जत तक है। मध्य रेलवे अपने उपनगरीय रेल नेटवर्क पर प्रतिदिन लगभग 1,800 रेल सेवाएं संचालित करता है। इसकी मुख्य लाइन, हार्बर लाइन, ट्रांस-हार्बर लाइन और बेलापुर-उरण लाइन पर प्रतिदिन 35 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं।