दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर मतदान खत्म हो चुका है और 8 फरवरी को चुनावी परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में हम लगभग 50 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। आम आदमी पार्टी से दिल्लीवासियों का मन टूट गया है। वहीं पटपड़गंज सीट को लेकर उन्होंने कहा कि रवि नेगी इस सीट पर दमदार जीत दर्ज करेंगे और अवध ओझा को इस सीट पर हार का सामना करना पड़ेगा। मनोज तिवारी ने कहा कि हम शकूरबस्ती की सीट 100 फीसदी जीतेंगे। आम आदमी पार्टी ने जो भ्रष्टाचार किया वो सत्येंद्र जैन जैसे नेताओं के नाम पर ही हुआ है।
पूर्वांचल के लोगों को आप ने बताया फर्जी: मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने कहा कि सत्येंद्र जैन जैसे बड़े नेताओं के कारण ही आम आदमी पार्टी का नाम खराब हुआ और दिल्ली की जनता की आंखों में आसू आया है। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी ने पूर्वांचली को फर्जी और लालची कहा। कोविड में हमें खतरे में डाले। कच्ची कॉलोनियों में हमें गंदा पानी पिलाकर मारा। वो कुछ भी कर दें। हमें चारा देकर के नहीं फंसाया जा सकता। पूर्वांचल के लोगों को फर्जी और दोगला बोला गया। पूर्वांचल के लोग बहुत राजनीतिक होते हैं। कौन बहेलिया भेष बदलकर आया है, उन्हें अच्छे से पता होता है। मनोज तिवारी ने कहा कि गोकुलपुरी और सीमापुरी सीटों पर हम जीत दर्ज करेंगे।