![भारत ने अमेरिका के सामने उठाया मुद्दा।](https://static.indiatv.in/khabar-global/images/new-lazy-big-min.jpg)
अमेरिका में बड़े स्तर पर अवैध प्रवासियों को उनके देशों में डिपोर्ट किया जा रहा है। इसी क्रम में अमेरिका ने एक सैन्य विमान से 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को भी डिपोर्ट किया है। बुधवार को अवैध प्रवासियों से भरा विमान पंजाब के अमृतसर में उतरा। हालांकि, इन प्रवासियों को हथकड़ी लगाकर लाए जाने को लेकर भारत में बड़ा राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। संसद में भी विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर काफी हंगामा किया। वहीं, अब भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस पूरे मामले पर अपना बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस तरह के व्यवहार से बचा जा सकता था।
भारत ने अमेरिका के समक्ष चिंता व्यक्त की
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शुक्रवार को अवैध प्रवासियों को हथकड़ी लगाकर भेजे जाने से संबंधित सवाल पर बताया है कि इस मुद्दे पर भारत ने अमेरिका के समक्ष चिंता व्यक्त की है। मिस्री ने कहा- ‘‘हमने अपनी चिंताओं से अमेरिका को अवगत कराया है कि इस प्रकार के व्यवहार से बचा जा सकता है।’’