Agency:News18 Jharkhand
Last Updated:February 07, 2025, 06:20 IST
Ranchi Weather Update: रांची का मौसम अब बदलने वाला है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में अचानक गिरावट आने वाली है. दोपहर और शाम में ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान 4-5 डिग्री गिर सकता है.
Jharkhand upwind update - स्वेटर अंदर रख लिया है तो अब निकाल ले, अब दिखाएगा ठंड
हाइलाइट्स
- रांची में तापमान में भारी गिरावट की संभावना।
- पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी हवाएं चलेंगी।
- गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज।
रांची. राज्य में अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने वाली है. अब तक लोगों ने स्वेटर अंदर रख दिए थे, लेकिन अब उन्हें फिर से निकालना पड़ेगा. पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर आज से दिखना शुरू हो जाएगा. दोपहर और शाम में ठंडी हवा चलेगी, जिससे एक बार फिर से कड़ाके की ठंड महसूस होगी.
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखा जा रहा है. आज से इसका हल्का असर दिखेगा. दोपहर और शाम में ठंडी हवा चलेगी, जिससे ठंड का एहसास होगा. ऐसे में बदलते मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. इस बदलते मौसम को हल्के में न लें और अपना ख्याल रखें.
गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड
पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान में अच्छी खासी गिरावट संभव है. न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट और अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट संभव है, जिससे दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ सकती है. पाकुड़, चतरा, गुमला, लोहरदगा और कोडरमा जिलों में सुबह हल्का कोहरा देखा जा सकता है और अन्य जिलों में शाम को शीतलहर चल सकती है. ऐसे में इस मौसम में खुद को सुरक्षित रखें.
गुमला रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म जिले की बात करें तो सरायकेला में सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो 34.5 डिग्री था. वहीं, सबसे ठंडे जिले की बात करें, तो गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो 12.4 डिग्री था.
कहां रहेगा कितना तापमान
संभावित तापमान की बात करें तो:
– देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री.
– कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री.
– बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री.
– पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया जा सकता है.
Location :
Ranchi,Jharkhand
First Published :
February 07, 2025, 06:20 IST