Agency:News18 Madhya Pradesh
Last Updated:February 08, 2025, 06:44 IST
MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव हुआ है. भोपाल समेत अधिकांश शहरों में दिन-रात के तापमान में गिरावट देखी गई. अगले 24 घंटे के दौरान कुछ शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है.
भोपाल में रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है.
हाइलाइट्स
- मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ी, तापमान में गिरावट
- भोपाल में सर्द हवाओं से ठंड बढ़ी
- अगले 24 घंटे में शीतलहर का अलर्ट
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में एक बार फिर हाड़ कंपाने वाली ठंड लौट आई है. हालांकि, इसके पहले लोगों को गर्मी का एहसास होता नजर आ रहा था. मगर, अचानक लौटी ठंड ने लोगों को फिर कंबल-रजाई ओढ़ने पर मजबूर कर दिया है. ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई शहरों का पारा तेजी से गिरा है.
गुरुवार-शुक्रवार की रात प्रदेश के अधिकतर शहरों के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. राजधानी भोपाल में शुक्रवार सुबह से सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे रात में ठंड बढ़ गई. बता दें, पिछले दिनों ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग में बारिश के साथ बूंदाबांदी का असर प्रदेश भर के तापमान में गिरावट के रूप में देखने को मिल रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इस प्रकार बदलाव देखा गया है. गुरुवार-शुक्रवार की रात प्रदेश के राजगढ़ का न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया, जो 6.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. इसके अतिरिक्त खजुराहो में 7.2 डिग्री, नौगांव में 7.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 8.1 डिग्री और गुना में 8.2 डिग्री दर्ज किया गया.
जाने क्यों बना ऐसा मौसम
उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्र इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है. वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण दिन व रात के तापमान में गिरावट हो रही है. इस वजह से रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है. साथ ही नया पश्चिमी विक्षोभ अभी ईरान के आसपास है, जिसके प्रभाव से रविवार से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी.
कैसा रहेगा फरवरी का मौसम
पिछले रिकॉर्ड की बात करें तो फरवरी माह का मौसम जनवरी के समान ही होता है. तापमान की बात करें तो फरवरी का न्यूनतम तापमान 11 फरवरी 1950 को 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान 37 डिग्री 22 फरवरी 2006 को दर्ज हुआ था.
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
भोपाल | 23.2 डिग्री | 10.4 डिग्री | 107 |
इंदौर | 24.8 डिग्री | 12 डिग्री | 87 |
जबलपुर | 24.4 डिग्री | 10.2 डिग्री | 119 |
ग्वालियर | 25.4 डिग्री | 10.6 डिग्री | 124 |
उज्जैन | 26 डिग्री | 12 डिग्री | 71 |
Location :
Bhopal,Madhya Pradesh
First Published :
February 08, 2025, 06:44 IST
MP में फिर हाड़ कंपाने वाली ठंड, अगले 24 घंटे में और गिरेगा पारा, जानें अलर्ट