Agency:News18 Jharkhand
Last Updated:February 12, 2025, 06:47 IST
Jharkhand Weather Update Today: झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ता दिख रहा है. इस वजह से अब पारा चढ़ना तय बताया जा रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि फरवरी में ही अप्रैल वाली गर्मी लगेगी. जानें अपडेट
झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर. अब पड़ेगी गर्मी. जानें अपडेट
हाइलाइट्स
- झारखंड में फरवरी में अप्रैल जैसी गर्मी की संभावना
- अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है
- गुमला में सबसे कम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया।
रांची. झारखंड में बीते दो दिन से अच्छी खासी ठंड लग रही थी, लेकिन अब लोगों को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अभी से ही लोगों को मार्च- अप्रैल वाली गर्मी का एहसास होने वाला है. यानी अब दोपहर में स्वेटर पहनने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. तापमान में अच्छे उछाल की वजह से आज दिन गर्म रहने वाला है.
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया, पश्चिम विक्षोभ का असर अब कमजोर पड़ता दिख रहा है. इस वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. फिलहाल, झारखंड के आसपास कोई सिनॉप्टिक फीचर भी नहीं देखा जा रहा है. तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को अभी से गर्मी का एहसास होगा.
बदलते मौसम को हल्के में न लें
मौसम केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. जिस वजह से अब दोपहर में भी आपको गर्मी लगेगी. मार्च वाली गर्मी का अनुभव होगा. हालांकि, हवा तो ठंडी चलेगी, लेकिन इसका कोई खास फर्क देखने को नहीं मिलेगा. अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक जा सकता है. न्यूनतम 16 डिग्री तक जा सकता है. रात में भी आपको गर्मी का एहसास होगा.
गुमला रहा सबसे ठंडा
बीते 24 घंटे में सबसे गर्म जिले की बात की जाए तो सरायकेला में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया. यहां 36 डिग्री तापमान रहा. वहीं, सबसे ठंडे जिले की बात की जाए तो सबसे कम तापमान गुमला में दर्ज किया गया. यहां 9.1 डिग्री पारा रहा.
जिलों का संभावित तापमान
संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में अधिकतम 32 व न्यूनतम 13 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 32 डिग्री व न्यूनतम 13 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला अधिकतम 33 डिग्री व न्यूनतम 14 डिग्री, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा अधिकतम 34 व न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज किया जा सकता है.
Location :
Ranchi,Jharkhand
First Published :
February 12, 2025, 06:47 IST