Last Updated:February 11, 2025, 06:45 IST
Bihar Weather Report: पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज तापमान में बढ़ोतरी और बुधवार से गिरावट होने के आसार है. लेकिन यह इतना भी नहीं होगा कि कड़ाके की ठंड महसूस हो.
कल से तापमान में गिरावट के आसार
हाइलाइट्स
- तापमान 30°C के पार, दिन में गर्मी महसूस हो रही है.
- कल से तापमान में गिरावट की संभावना.
- उत्तर बिहार में हल्का कोहरा, दिन में धूप खिली रहेगी.
पटना. फरवरी का महीना चल रहा है और दिन का तापमान 30°C के पार बना हुआ है. ठंड लगने के समय में लोगों के पसीने छूट रहे हैं. रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है. मौसम का यह बदलाव चिंता का विषय है. आज भी इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है. इसके बाद फिर से मौसम में बदलाव होने की स्थिति दिख रही है. धीमी पड़ी पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ेगी.
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज तापमान में वृद्धि और कल से गिरावट होने के आसार है. लेकिन यह इतना भी नहीं होगा कि कड़ाके की ठंड महसूस हो.
मौसम में फिर से होगा बदलाव
वैज्ञानिक एसके पटेल के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण पूर्वोत्तर बांग्लादेश में बना हुआ है. उत्तर भारत के उपर जेट स्ट्रीम की हवाएं भी हावी है. कल तक उत्तर बिहार के एक या दो जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा छाए रहने का पूर्वानुमान है. आज तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि का पूर्वानुमान है फिर कल से दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की स्थिति बन रही है.
आज कैसा रहेगा मौसम
आज यानी 11 फरवरी को बिहार के उत्तरी भाग के जिलों के एक या दो जगहों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखा जा रहा है. दिन में धूप खिली रहेगी. राज्य के दक्षिणी भाग जैसे जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जमुई और बांका जिलों में दिन के समय सामान्य से अधिक तापमान रहने का पूर्वानुमान है.
राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 10-14°C के बीच रहने की संभावना है. साथ ही आज से मध्यम से तेज़ गति की पछुआ हवा चलने का पूर्वानुमान है. इस वजह से कल से तापमान में गिरावट की स्थिति बन रही है.
एक नजर अलग-अलग शहरों के तापमान पर
(नोट – यह आंकड़ा सोमवार का है)
शहर | तापमान | AQI |
पटना | 27.7/14.2 | 245 |
गया | 29.6/9.2 | 120 |
पूर्णिया | 26.7/11.8 | 180 |
भागलपुर | 27.9/11.9 | 162 |
बक्सर | 28.5/10.2 | 183 |
क्या कहते हैं यह आंकड़े
10 फरवरी को बिहार के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड हुई. इस दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.3°C औरंगाबाद और सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6°C डेहरी में दर्ज हुआ. कल से तापमान में गिरावट होने की संभावना है. पछुआ हवा की वजह से हल्की कनकनी महसूस हो सकती है.
Location :
Patna,Patna,Bihar
First Published :
February 11, 2025, 06:45 IST