Agency:News18 Madhya Pradesh
Last Updated:February 11, 2025, 06:40 IST
MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव हुआ है. भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश...
भोपाल में दिन-रात का पारा फिर बढ़ने लगा है.
हाइलाइट्स
- मध्य प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई
- भोपाल सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान बढ़ा
- पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव
भोपाल. सोमवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर का मौसम ठंडा-गरम रहा. सुबह के समय हल्की ठंडक देखने को मिली तो वहीं दिन के तापमान में कुछ उछाल देखा गया. हवा के रुख में परिवर्तन के साथ ही एक बार फिर दिन-रात का पारा चढ़ने लगा है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, सर्दी का एक दौर फिर आने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि अभी एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में सक्रिय हो गया है. साथ ही राजस्थान में एक प्रेरित चक्रवात भी देखा जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिन प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है.
दिन के समय आंशिक और हल्के बादलों जैसी स्थिति बन सकती है, मगर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही एक बार फिर हवा का रुख बदल गया है. अब तक उत्तरी हवा आ रही थी, जिसके चलते ठंडक बनी हुई थी, मगर एक बार फिर से दक्षिण पूर्वी हवाओं का दौर शुरू हो गया है.
न्यूनतम तापमान में बढोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार-सोमवार की रात प्रदेश के अधिकतर शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में इस प्रकार बदलाव देखा गया है.
तेजी से गिरा रात का पारा
प्रदेश के पांच सबसे कम तापमान वाले शहरों में शहडोल जिले के कल्याणपुर शहर की रात सबसे ठंडी रही. यहां पारा 7.8 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा देवरा (सिंगरौली) में 7.9 डिग्री, नौगांव (छतरपुर) में 9.2 डिग्री, आंवरी (अशोकनगर)/टीकमगढ़ में 9.3 डिग्री और उमरिया में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
भोपाल | 31.4 डिग्री | 14.2 डिग्री | 151 |
इंदौर | 30.4 डिग्री | 17.2 डिग्री | 109 |
जबलपुर | 30.6 डिग्री | 12 डिग्री | 95 |
ग्वालियर | 29.1 डिग्री | 10 डिग्री | 266 |
उज्जैन | 30.8 डिग्री | 13.5 डिग्री | 87 |
Location :
Bhopal,Madhya Pradesh
First Published :
February 11, 2025, 06:40 IST
हवा का रुख बदला, दिन-रात का पारा चढ़ा, मध्य प्रदेश के मौसम में फिर परिवर्तन