चिकमंगलुरु (कर्नाटक): देश का दक्षिणी राज्य कर्नाटक अब नक्सल मु्क्त हो गया है। चिकमगलुरु जिले में एक और नक्सली ने सरेंडर कर दिया है। इस कदम कोकर्नाटक के नक्सलमुक्त राज्य बनने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। है। चिकमगलुरु के पुलिस अधीक्षक विक्रम अमाठे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इस नक्सली के सरेंडर के साथ ही कर्नाटक अब नक्सलमुक्त राज्य बन गया है।’’
कोटेहोंडा रवींद्र (44) श्रृंगेरी तालुक में किग्गा के पास हुलगारू बैल के कोटेहोंडा का निवासी है और जंगल में रह रहा था। शुक्रवार को वह श्रृंगेरी से आया और पुलिस अधीक्षक अमाठे के सामने सरेंडर किया। रवींद्र को उपायुक्त मीणा नागराज के पास ले जाया गया जहां सरेंडर की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गयी। अमाठे ने कहा, ‘‘ रवींद्र 14 मार्च, 2024 को लागू हुई नई सरेंडर नीति के तहत ‘ए’ श्रेणी का नक्सली था।
सरेंडर पैकेज के तहत उसे सरकार से साढ़े सात लाख रुपये मिलेंगे। उसकी इच्छा हो तो उसे कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा और उसे 5000 रुपये का मासिक पैकेज भी दिया जाएगा।’’ पुलिस के मुताबिक रवींद्र के विरुद्ध कुल 27 मामले दर्ज हैं जिनमें 13 मामले चिकमगलुरु में दर्ज हैं। अमाठे ने यह भी बताया कि अब तक कर्नाटक में 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस के अनुसार रवींद्र केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में नक्सली गतिविधियों में शामिल था और 2007 से भूमिगत था।